साइबर थाना NIT फरीदाबाद की बड़ी कार्रवाई, 7 अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में 12 आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT फरीदाबाद की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए 12 जुलाई को 7 अलग-अलग मामलों में कुल 12 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पहला मामला:वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ₹47,594 की साइबर ठगी के मामले में सोशल मीडिया के माध्यम से पैसे ऐंठने वाले आरोपित अभिषेक मीणा निवासी बागड़ी, जिला दौसा (राजस्थान), हाल निवासी कोरल पार्क, कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। जिसने शिकायतकर्ता से बात करके पैसे अपना जानकार के खाता में भिजवाये थे।
दूसरा मामला:ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर निवेश करवाकर 91,50,000/-रू की ठगी करने के मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपित उमेश कुमार सरगरा निवासी गांव सनवाड़, फतेहनगर, जिला उदयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
तीसरा मामला:जानकार बनकर ₹1,90,000 की साइबर ठगी करने के मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपित रतनलाल निवासी चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
चौथा मामला:पीजी सर्च के दौरान ₹54,406 की ठगी करने के मामले में दो आरोपित तरुण उर्फ टिंकू निवासी गांव जीवरा, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) तथा विशाल निवासी हेली मंडी, गुरुग्राम (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। विशाल खाताधारक था, जिसके खाते में ठगी की ₹18,099 की राशि आई थी, जबकि तरुण ने उसका बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।
पांचवां मामला:वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ₹52,000 की ठगी के मामले में अरकान एवं अब्दुल हसन निवासी गांव शाहदरा, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों ने अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए तथा खातों में आई राशि नकद निकालकर आगे पहुंचाई।
छठा मामला:पानी का कनेक्शन काटने की धमकी देकर ₹8,95,000 की साइबर ठगी के मामले में गजेन्द्र सिंह निवासी गांव जोगालिया, जिला चूरू (राजस्थान), हाल निवासी अम्बाबाड़ी नगर, जयपुर तथा राजेन्द्र ढाका निवासी खीचर कॉलोनी, सुजानगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित गजेन्द्र बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जबकि राजेन्द्र ठगी की राशि को USDT में परिवर्तित कर आगे भेजता था।
सातवां मामला:शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹95,65,000 की साइबर ठगी के मामले में लोकेश निवासी गांव मेहंदा, जिला हिसार (हरियाणा), राकेश कुमार निवासी गांव बदनपुर, जिला जींद (हरियाणा) तथा आकाश कुमार निवासी इब्राहिमाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। आकाश के बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया, जिसमें ठगी के ₹2 लाख आये थे। वहीं लोकेश और राकेश ने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए तथा खातों में आई राशि चेक के माध्यम से निकलवाकर आगे भेज दी।
फरीदाबाद पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग या अधिक मुनाफे के लालच में आने से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की सत्यता अवश्य जांच लें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।



