शहीद दिवस से हमें में देशभक्ति की भावनाकी प्रेरणा मिलती है : बलजीत कौशिक
बल्लभगढ में मनाया शहीद दिवस

फरीदाबाद। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों का जीवन हमें सिखाता है कि देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि त्याग, संघर्ष और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में दिखाई देती है। आजादी हमें बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम इस आजादी की रक्षा करें और संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय तथा भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करें। श्री कौशिक आज शहीद दिवस के अवसर पर बल्लभगढ के शहीद स्मारक पर आयोजित शहीद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों को पुप्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी अमर शहीदों को शत-शत नमन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि आज हम उस पवित्र अवसर पर एकत्रित हुए हैं, जब पूरा देश अपने महान शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद करता है। मैं उन सभी अमर वीरों को नमन करता हूं, जिन्होंने देश की आजादी, सम्मान और आने वाली पीढय़िों के बेहतर भविष्य के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा स्वतंत्रता आंदोलन की उस विरासत से जुड़ी रही है, जिसने देश के हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान देने का सपना देखा था। आज हमें उसी भावना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। हमारे शहीदों ने ऐसा भारत बनाने का सपना देखा था, जहां किसी के साथ जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव न हो। जहां किसान, मजदूर, युवा, महिला और गरीब—हर व्यक्ति को आगे बढऩे का समान अवसर मिले।
शहीद दिवस पर हमें केवल श्रद्धांजलि नहीं देनी है, बल्कि संकल्प भी लेना है कि हम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे, कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े रहेंगे तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष करेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने युवाओं से आह्वान किया कि शहीदों की सबसे बड़ी विरासत उनका साहस और उनका देश के प्रति समर्पण है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढऩा है। आज हम सब मिलकर संकल्प लें कि देश की एकता, संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए हमेशा सजग रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कुमारी शारदा राठौर, ओमप्रकाश यादव अध्यक्ष वीर शहीद सम्मान समिति रजि., अश्विनी कौशिक
सतबीर डागर, मुकेश डागर,डालचंद डागर, सुनील गोयल, अशोक गांधी, विनोद वर्मा, उमेश कौशिक,अवतार सारंग,ओमप्रकाश पांचाल,दयाकिशन बघेल,वेदप्रकााश यादव,जिले सिंह यादव व सुषमा यादव आदि मुख्यरूप से मौजूद थे।



