निर्णायक आन्दोलन की तैयारी, करोना काल समाप्त होते ही होगा शंखनाद : संत जय कृष्ण दास

फरीदाबाद ! यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास महाराज का लम्बे अरसे के बाद फरीदाबाद आगमन हुआ। उनके साथ वृन्दावन से स्वामी कौशल किशोर महाराज तथा प्रतिनिधि मंडल भी आया था । करोना काल में संत जय कृष्ण दास महाराज ने बिहार, पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड आदि राज्यों में मजदूरों के हितों की रक्षा एवं उनके लिए रोजगार सृजन आदि सहित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक पहल कर रहे थे। ग्रामीण किसानों एवं विस्थापित मजदूरों के बीच सामंजस्य स्थापित कर ग्रामीण नव निर्माण एवं सशक्तिकरण के लिए व्यूह रचना निर्माण एवं क्रियान्वयन के साथ हीं परम्परागत ग्रामीण एवं कुटीर उद्योगों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। इस अवसर पर यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आर एन सिंह के साथ अखिल भारतीय राजपूत एकता मिशन के अध्यक्ष एस के सिंह, प्रोत्साहन मंच फरीदाबाद के महासचिव बी पी सिंह,पूर्वांचल फाउण्डेशन के बिनय कुशवाहा ने फूल माला से संत जय कृष्ण दास महाराज तथा स्वामी कौशल किशोर महाराज का स्वागत किए।
बैठक में यमुना जी की अविरलता एवं निर्मलता, गौ वंश संवर्धन तथा संरक्षण, किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न पर्यावरणीय समस्याओं पर चर्चा की गई। संत जय कृष्ण दास महाराज ने कहा कि सभी समस्याएँ एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं अतः संयुक्त प्रयासों के लिए देश के किसानों, मजदूरों, नवजवानों एवं यमुना प्रेमियों की संयुक्त महासंगठन को मजबूती से तैयार किया जा रहा है। करोना का प्रकोप समाप्त होते हीं पूर्व के सभी आन्दोलनों की तुलना में निर्णायक आन्दोलन किया जाएगा। स्वामी कौशल किशोर महाराज ने कहा कि समग्र परिवर्तन के इस जनन्दोलन में संत समाज बढ़ चढ हिस्सा लेगा। एस के सिंह, बी पी सिंह तथा बिनय कुशवाहा ने अपने अपने संगठनों के माध्यम से पूर्ण समर्थन एवं सहयोग प्रदान करेंगे।



