करवा चौथ के अवसर पर बाजार में सिविल ड्रेस में मौजूद रही महिला पुलिस

- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जेब कतरों से रहें सावधान, महिलाएं अपने पर्स तथा कीमती सामान का रखें विशेष ध्यान-फरीदाबाद पुलिस
फरीदाबाद : आज करवा चौथ के अवसर पर फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार महिला पुलिसकर्मी सादी वर्दी में तैनात रहकर मनचलों पर निगरानी रखे हुए है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि करवाचौथ के अवसर पर महिलाएं खरीदारी करने के लिए बाजार में आएंगी जहां पर कुछ मनचले भी मौजूद रहेंगे, जो आने जाने वाली महिलाओं और लड़कियों को तंग करने की कोशिश करेंगे! इसलिए उनको सबक सिखाने के लिए महिला पुलिस सादी वर्दी में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उपस्थित हैं जो मनचलों पर निगरानी रख रही हैं। मनचलों द्वारा किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग करने तथा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने पर उन्हें मौके पर काबू किया जाएगा।
इसके साथ ही भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जेबकतरे चोरी करने की कोशिश करते हैं और भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करके फरार हो जाते हैं। महिलाओं से अनुरोध है कि वह भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने पर्स तथा अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस को तुरंत सूचित करें आपकी मदद अवश्य की जाएगी।



