दुखद घटना : गौशाला में एक साथ 70 से ज्यादा गायों की मौत !

पंचकूला ! पंचकूला में सुबह मनसा देवी गौशाला में करीब 70 गायों की मौत हो गई। वहीं, 30 के करीब गायों तबीयत बिगड़ गई। आशंका है कि फूड प्वाइजनिंग से गायों की मौत हुई है। फिलहाल, पूरे जांच के लिए तीन सदस्यों की कमेटी बना दी गई है। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर हरियाणा के विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद्र गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। गौशाला में लगे हुए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। घटना की सूचना पर पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची। चिकित्सक ने कहा कि प्राथमिक जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। हालांकि, जांच के बाद सही कारण स्पष्ट होगा।
विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता के साथ डीसी और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्पीकर ने इस मामले में जांच कमेटी बिठाने के लिए बोल दिया है। पुलिस ने भी गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। मीडिया से बातचीत में ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि अभी तक करीब 70 गायों की मौत होने की बात सामने आ रही है। बाकी जांच की जा रही है। सभी मृतक गायों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और उसकी विसरा रिपोर्ट जांच के लिए हिसार भी भेजी जाएगी। सीसीटीवी फुटेज में चेक किया जा रहा है कि एक दिन पहले गोदाम में कौन-कौन लोग आए थे और उन्होंने गायों को खाने में क्या क्या दिया है।
बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। बजरंग दल के पंचकूला जिला अध्यक्ष गर्वेश राणा ने आरोप लगाए हैं कि गोदाम में उन गायों की मौत हुई है जिन गायों को नगर निगम की टीम सड़कों से उठाकर गौशाला में लाती है।



