एचसीएस परीक्षा को लेकर पुलिस सतर्क, 700 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की रहेंगी परीक्षा केंद्रों पर ड्युटियां

फरीदाबाद, 24 अप्रैल : हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 26 अप्रैल को जिला फरीदाबाद के 80 परीक्षा केंद्रों (कॉलेज/स्कूल) पर एचसीएस (Ex. Br.) एवं अन्य संबद्ध सेवाएं प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन दो सत्रों (प्रातःकालीन एवं सांयकालीन) में किया जा रहा है।
परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा प्रबंध कर लिये गये हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 7 पुलिस कर्मचारियों की ड्युटियां लगाई गई हैं तथा यातायात व्यवस्था के लिए अलग से 2 ट्रैफिक कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही सेंट्रल, बल्लबगढ़ व एन.आई टी जॉन में मुख्यालय पर एक-एक प्लाटून को रिजर्व रखा गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा समापन के लिए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, भा.पु.से. द्वारा तीनों जॉन के पुलिस उपायुक्त को निर्देश दिये हैं कि उनके क्षेत्राधिकार में स्थित होटल, धर्मशाला, सराय आदि स्थानों की नियमित रूप से चेकिंग सुनिश्चित करायें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के मिलने पर तुरंत गहनता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।इसके अतिरिक्त होटल, धर्मशाला एवं सराय संचालकों द्वारा प्रत्येक ठहरने वाले व्यक्ति के वैध पहचान दस्तावेज प्राप्त कर नियमानुसार रिकॉर्ड में दर्ज किये जायें।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 2 महिला कर्मचारियों सहित कुल 7 कर्मचारियों को नियुक्त किया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के 2 कर्मचारियों को अलग से तैनात किया गया है। इसके साथ-साथ सभी प्रबंधक थाना व प्रभारी चौकी अपने-अपने क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे तथा यातायात के सुचारू संचालित में भी सहयोग करेंगे।
यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन की जिम्मेवारी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात । व ।। को सौंपी गई है, जिनकी सहायता के लिए प्रबंधक थाना यातायात व यातायात निरीक्षकों को नियुक्त किया गया है। दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर की तरफ से आने वाले मार्ग, पलवल-फरीदाबाद मार्ग, मांगर-पाली बॉर्डर तथा शूटिंग रेंज बॉर्डर दिल्ली की तरफ से आने वाले मार्ग पर अलग से यातायात ड्यूटियां लगाई जायेगी। टोल टैक्स पर यातायात व्यवस्था हेतु 4/4 कर्मचारी नियुक्त किये गये हैं। काम्प्लेक्स क्षेत्र में यातायात के लिए सभी ट्रैफिक जोनल ऑफिसर (ZO) को निर्देशित किया गया है। परीक्षा केंद्रों की 500 मीटर की परिधि के अंदर वाहन पार्किंग प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी फरीदाबाद पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही है, परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या संदिग्ध गतिविधि करने वालों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जायेगी।



