अवैध शराब की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, घर से देसी कट्टा बरामद, आरोपी फरार

फरीदाबाद, 15 जून : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव एवं थाना शहर बल्लभगढ़ की संयुक्त टीम ने 14 जून को आजाद नगर, बल्लभगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर एक घर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। पुलिस की सूचना पाते ही आरोपीगण मौके से फरार हो गया थे, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थी कि आजाद नगर निवासी लेखराज अपने घर से अवैध शराब व नशा बेचने का कार्य कर रहा है। इस संबंध में पुलिस को कुछ वीडियो एवं अन्य सूचनाएं भी प्राप्त हुई थीं, जिनके आधार पर कार्रवाई की योजना बनाई गई।
सूचना के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ व क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम जब उक्त मकान पर पहुंची तो घर में मौजूद लोगों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पुलिस टीम द्वारा कई बार दरवाजा खोलने के लिए कहा गया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ग्राइंडर एवं हथौड़े की सहायता से दरवाजा तोड़कर मकान में प्रवेश किया।
मकान की गहन तलाशी के दौरान अवैध शराब बरामद नहीं हुई, लेकिन एक कमरे में रखे बेड के अंदर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने कट्टे को कब्जे में लेकर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छापेमारी के दौरान घर में मौजूद लोग छत के रास्ते से फरार हो गए। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
उप निरीक्षक सुंदर सिंह, प्रभारी क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने बताया कि आरोपी लेखराज व उसके बेटे के विरुद्ध पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री, आर्म्स एक्ट तथा मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था भंग करने वाले तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई जारी है।
वहीं थाना शहर बल्लभगढ़ के प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बरामद देसी कट्टे के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा वांछित आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशा तस्करी, अवैध शराब बिक्री अथवा हथियारों से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



