एलपिस कॉन्वेंट स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
7 स्कूलों के छात्रों ने दिखाया हुनर

फरीदाबाद (मनीष शर्मा)। एलपिस कॉन्वेंट स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश मदान ने बताया कि इस विज्ञान प्रदर्शनी में एलपिस कॉन्वेंट स्कूल सहित कुल सात स्कूलों के छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
डॉ. मदान ने बताया कि प्रदर्शनी में आशा कॉन्वेंट स्कूल, विश्वास कॉन्वेंट स्कूल, जीकेएल किड्स अकादमी, शिवालिक विद्या निकेतन स्कूल, जैन पब्लिक स्कूल और डीएनवी कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, आधुनिक तकनीक, जल संरक्षण और दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता को दर्शाया गया।

इस विज्ञान प्रदर्शनी में करीब सवा सौ विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। छात्रों ने अपने-अपने मॉडलों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों और शिक्षकों ने सराहा।
कार्यक्रम में अतिथि प्रदीप गुप्ता, डॉ शोभित आजाद, संजय आहूजा, गुलशन बजाज, अभिषेक सिंह, गिरीश भाटिया, विशिष्ट अतिथि के रूप में संचित गुप्ता (ब्राइट फ्यूचर) और डॉ. नरेश चौहान उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और उनकी मेहनत की प्रशंसा करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य डॉ. राजेश मदान ने कहा कि इस तरह की विज्ञान प्रदर्शनी से विद्यार्थियों में नवाचार, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्रों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।



