गो वध की मंशा से घूम रहे दो लोग धरे गये !

नोएडा, 22 अगस्त ! नोएडा की एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने कथित रूप से गो वध करने की फिराक में घूम रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि पांच अन्य फरार हो गये हैं । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने एक सूचना के आधार पर गो वध करने की मंशा से घूम रहे सलीम तथा ताज मोहम्मद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक टेंपो तथा पशु वध में प्रयोग होने वाले औजार और रस्सी आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इनके 5 साथी फरार हो गये हैं जिनकी तलाश की जा रही है । अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने असगरपुर गांव से तीन माह पहले चोरी हुई तीन भैंसों को बेचकर इकट्ठी की गई 3200 रूपये की नगदी भी बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने गोवध करने और पशु चोरी कर बेचने की बात स्वीकारी है ।

इस बीच अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि जेवर थाना पुलिस ने शनिवार भैंस चोरी करने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ करते हुये सौरव, दीपक, सुनील व शिवम नामक चार चोरों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनके पास से एक पिकअप टेंपो बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि वे भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इन लोगों ने जेवर क्षेत्र में भैंस चोरी की कई वारदातें की हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!