आनंद धाम आश्रम में बागेश्वर धाम सरकार की सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित

बल्लभगढ़ : आनंद धाम आश्रम में बुधवार को बागेश्वर धाम सरकार धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी की आगामी “सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा” की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर एक विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस वार्ता का उद्देश्य पदयात्रा के सफल एवं अनुशासित आयोजन हेतु सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा और समन्वय पर चर्चा करना रहा।
प्रेस वार्ता में श्रीमद् जगतगुरु विजय रामदेवाचार्य भैया जी महाराज के पावन सानिध्य में, मुख्य वक्ता श्री राजू दास जी महाराज (महंत हनुमानगढ़ी, अयोध्या) ने सनातन धर्म की अखंड एकता, राष्ट्र निर्माण में अध्यात्म की भूमिका और समाज में धार्मिक समरसता के महत्व पर अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म विश्व को शांति, सद्भाव और एकता का संदेश देता है, जिसे जन-जन तक पहुँचाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

इस अवसर पर श्री मुनिराज जी महाराज, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री टिपरचंद शर्मा, पार्षद दीपक यादव, संदीप चाहर, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश कौशिक, सह-मीडिया प्रभारी हन्नी कुमार, आईटी प्रमुख तरुण राज शर्मा, रिंकू कौशिक और अजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि पदयात्रा के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन-प्रसाद वितरण और स्वयंसेवक प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं ताकि कार्यक्रम अनुशासित और भव्य रूप से संपन्न हो सके।
अंत में आयोजकों ने सभी सनातन प्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में भाग लेकर “एक राष्ट्र, एक सनातन” के संदेश को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।



