नोएडा के अलग-अलग इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मजदूरों का गुस्सा सडक़ों पर उतर आया

प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के बाद कुछ गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया गया। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात हैं।

नोएडा : नोएडा के अलग-अलग इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मजदूरों का गुस्सा सडक़ों पर उतर आया है। सडक़ों पर प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने साफ कहा कि उन्हें 8 घंटे की ड्यूटी के लिए कम से कम 18 से 20 हजार रुपये तक की सैलरी मिलनी चाहिए, जबकि मौजूदा समय में हेल्पर को 11000 और ऑपरेटर को करीब 13500 तक ही वेतन मिल रहा है। मजदूरों का कहना है कि इतने कम पैसे में गुजारा संभव नहीं है, क्योंकि 4000 रुपये तक गैस सिलेंडर का खर्च है और 4000 तक कमरे का किराया देना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई का खर्च अलग से उठाना पड़ता है।

प्रदर्शन के दौरान महिला मजदूरों ने भी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि कंपनी में भारी टारगेट का दबाव रहता है, यहां तक कि टॉयलेट जाने तक की अनुमति नहीं दी जाती। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जरा सा विरोध करने पर अधिकारियों द्वारा बदतमीजी और गाली-गलौज की जाती है। मजदूरों का कहना है कि 9 से 9 घंटे तक लगातार काम कराया जाता है, लेकिन ओवरटाइम का भुगतान सही तरीके से नहीं दिया जाता और कई बार सिंगल रेट पर ही काम कराया जाता है।

मजदूरों ने यह भी बताया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा टारगेट पूरा कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता है, पानी पीने तक का समय नहीं मिलता और मशीनों के सामने बैठाकर लगातार काम कराया जाता है। कुछ श्रमिकों ने आरोप लगाया कि नाइट शिफ्ट जबरदस्ती लगवाई जाती है और कई बार जबरन शराब पिलाकर काम कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए!

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने कहा कि जहां कंपनी के स्टाफ की सैलरी हर साल हजारों रुपये बढ़ती है, वहीं मजदूरों को सिर्फ 100 से 200 का इजाफा मिलता है। उनका कहना है कि सभी कर्मचारियों के लिए समान वेतन नीति होनी चाहिए। मजदूरों की मांग है कि हेल्पर की सैलरी कम से कम 15000 और अन्य कर्मचारियों की 20000 तय की जाए, ओवरटाइम का डबल भुगतान मिले और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

मजदूरों ने साफ कहा कि हमारा अधिकार हमें चाहिए और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन जारी है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में कई जगहों पर मजदूर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें मिलने वाली सैलरी बेहद कम है। कई लोगों को महीने में 10 हजार रुपये मिलते हैं। इतने कम पैसों में गुजारा होना मुश्किल है। इसके अलावा भी मजदूरों ने कई अनियमितताओं की शिकायत की है। कुछ जगहों पर प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई है। गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले फेंके हैं।

मजदूरों का प्रदर्शन चार दिनों से चल रहा है, लेकिन सोमवार को यह हिंसक हो गया। प्रदर्शन करने वाले लोग दिहाड़ी मजदूर नहीं हैं। ये सभी लोग संगठित क्षेत्र की कंपनियों में काम करते हैं, लेकिन कंपनी मालिक नियमों का पालन नहीं करते हैं, जिससे इन लोगों को परेशानी हो रही है।

फैशन कंपनी के अंदर घुसे कर्मचारी
नोएडा के सेक्टर 62 में प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों कर्मचारी साहू फैशन कंपनी के अंदर घुस गए। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इन लोगों ने पत्थरबाजी कर कंपनी के शीशे भी तोड़ दिए। वीडियो में प्रदर्शनकारियों को दीवार फांदकर कंपनी के अंदर दाखिल होते हुए देखे जा सकते हैं।

नोएडा फेज 2 में भारी पुलिस तैनात
नोएडा फेज 2 में कंपनी के पास सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का विरोध हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान गाडिय़ों और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया गया और पत्थरबाजी भी हुई। यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह ब्लॉक
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया, ‘प्राइवेट फैक्ट्रियों के मजदूरों के आंदोलन की वजह से नोएडा में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली) से आने वाले नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर बहुत असर पड़ा है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा उसी हिसाब से प्लान करें और नोएडा जाने के लिए डीएनडी का इस्तेमाल करें। नोएडा जाने वाले ट्रैफिक वाले लोग सराय काले खां से डीएनडी का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर एनएच 24 कोंडली ब्रिज का इस्तेमाल करके नोएडा मोड़ से नोएडा में आ सकते हैं।’

चार दिन से चल रहा प्रदर्शन
नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन चार दिनों से चल रहा है। हालांकि, सोमवार को यह हिंसक हो गया। कुछ जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हुई है। प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के बाद कुछ गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया गया। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!