क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने कासगंज उत्तर प्रदेश में 15.804 किलोग्राम गांजा बरामद किया

फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के कासगंज में दबिश देकर 15.804 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में दीपक निवासी कासगंज, उत्तर प्रदेश को काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना ढोलना, कासगंज में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया है।

यह कार्रवाई 19 अगस्त को थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में 12.980 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले की जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर की गई। पुलिस टीम की पूछताछ और जांच में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश तक पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 19 अगस्त को अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली-मथुरा रोड स्थित लक्कड़पुर फाटक के पास से शिवम उर्फ भोला निवासी एटा, उत्तर प्रदेश को 12.980 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ के दौरान शिवम ने पुलिस टीम को बताया कि वह उक्त गांजा अपने भाई अमन निवासी एटा, उत्तर प्रदेश से लेकर आया था और इसे दिल्ली में बेचने की तैयारी में था। शिवम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

गुरुग्राम से अमन की गिरफ्तारी, पूछताछ में खुला तस्करी का अगला कनेक्शन

जांच के दौरान अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने 24 अगस्त को अमन को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अमन ने बताया कि वह गांजा किसी व्यक्ति से खरीदकर लाया था। उसने कुछ गांजा अपने भाई शिवम को दे दिया था, जबकि कुछ गांजा उसके दोस्त दीपक निवासी कासगंज, उत्तर प्रदेश के पास रखा हुआ है।

अमन से मिली इस महत्वपूर्ण जानकारी के बाद अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने कासगंज, उत्तर प्रदेश में दबिश दी और दीपक को 15.804 किलोग्राम गांजा सहित काबू कर लिया तथा आरोपी के खिलाफ थाना ढोलना, कासगंज में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया।

क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी अमन को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। उससे गांजा तस्करी के नेटवर्क, गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों और आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।

अमन का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड रहा है जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास व एनडीपीएस सहित 16 मामले दर्ज है

फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी के नेटवर्क को समाप्त कर नशे की सप्लाई करने वाले आरोपियों तक पहुंचना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!