बरसात से खराब हुई फसलों का किसानों को उचित मुआवजा दे सरकार : जगत सिंह नागर

फरीदाबाद : पिछले दिनों बरसात व ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को पूरी तरह से चौपट करने की कगार पर पहुंचा दिया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगत सिंह नागर एडवोकेट ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार गिरदावरी करवाकर किसानों को खराब हुई फसल का उचित मुआवजा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस बार काफी अच्छी फसल देख कर किसान गद गद थे मगर बेमौसम बरसात व तेज हवाओं ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है जिससे हरियाणा का किसान बेहद परेशान व हताश है। सरकार को चाहिए कि खराब हुयी फसलों की शीघ्रता से गिरदावरी कराकर प्रभावित किसानों को समुचित मुआवजा दे।
श्री नागर ने कहा कि देश के अंदर जिस तरह से हम किसान को अन्नदाता कहते हैं क्योंकि वह अपना पेट पालने से पहले हमारा पेट पालने का काम करता है। आज वो अन्नदाता बेहद दुखी है और उस अन्नदाता की सुधबुध जानने के लिए प्रदेश के किसी मंत्री व अधिकारी तक के पास समय नहीं है। उन्होंने सरकार से किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है। मंडियों में फसल के रेट को लेकर जगत सिंह नागर ने कहा कि सरकार को चाहिए कि जिन किसानों के अनाज में थोडी कमी भी है उसका भी वह उचित रेट दिलवाए ताकि किसान ऋण के बोझ तले न दबे।
उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की समस्याओं को भी तुरंत दूर किया जाए तथा गेहूं का उठान व उचित रेट जल्द किसानों को दिया जाए। नागर ने कहा कि गांवों में बिजली की समस्या भी काफी जटिल होती जा रही है। किसानों को सरकार 24 घंटे बिजली की व्यवस्था करवाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह किसानों के साथ धरने व प्रदर्शन को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।



