दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 12 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, अपराध शाखा सेक्टर-30 की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने 12 अप्रैल को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई 12 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज निवासी संजय कॉलोनी, नितेश निवासी जीवन नगर पार्ट-2 तथा गौतम निवासी पर्वतीय कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अंकित निवासी चावला कॉलोनी, फरीदाबाद ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने 12 अप्रैल को 12 लाख रुपये प्रहलाद के माध्यम से दिल्ली भिजवाने थे। प्रहलाद एक रैपिडो चालक मनोज के साथ पैसे लेकर निकला था। कुछ समय बाद प्रहलाद ने फोन कर सूचना दी कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उससे पैसे लूट लिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि रेपिडो चालक आरोपी मनोज पहले भी कई बार प्रहलाद के साथ पैसे देने के लिए दिल्ली जा चुका था। 11 अप्रैल को जब प्रहलाद ने मनोज को अगले दिन दिल्ली चलने की जानकारी दी, तो मनोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। घटना के दिन जब प्रहलाद और मनोज दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, तो पीछे से रवि, हरीश व गौतम दूसरी मोटरसाइकिल पर आए। रवि ने चलती बाइक से मनोज की मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। रुकने के बाद हरीश ने चाकू दिखाकर प्रहलाद से 12 लाख रुपये लूट लिए और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लूट के बाद आरोपितों ने अपनी मोटरसाइकिल नितेश को दी और उसकी मोटरसाइकिल लेकर चले गये, जिससे पहचान छिपाई जा सके। उपरोक्त मामले में रवि और हरीश की तलाश जारी है। उनको भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!