तीव्र ध्वनि से बचाव को लेकर यातायात पुलिस को किया जागरूक, जवानों के लिए श्रवण परीक्षण शिविर का आयोजन

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन व डीसीपी ट्रेफिक जयवीर सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस फरीदाबाद के जवानों के लिए विज़न इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड स्टडीज़, फरीदाबाद में ध्वनि प्रदूषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लगातार शोर के कारण होने वाले मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा यातायात ड्यूटी के दौरान अपनाये जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी देना रहा।

विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि लंबे समय तक तेज़ ध्वनि में कार्य करने से सुनने की क्षमता प्रभावित होती है, साथ ही तनाव, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ भी उत्पन्न हो सकती हैं। इस अवसर पर यातायात पुलिस कर्मियों के लिये श्रवण परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया तथा ड्यूटी के दौरान उपयोग किये जाने वाले श्रवण सुरक्षा उपकरणों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विज़न इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड स्टडीज़ के प्रमुख डॉ. एस.पी. सिंह द्वारा उपस्थित जवानों को ध्वनि प्रदूषण से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताये गये और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर बल दिया गया।

इस अवसर पर फरीदाबाद यातायात पुलिस की ओर से थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार, यातायात निरीक्षक कृष्ण कुमार (बल्लभगढ़), यातायात निरीक्षक सोमबीर (ग्रेटर फरीदाबाद), यातायात निरीक्षक हरिकिशन (सेंट्रल फरीदाबाद) सहित जोनल अधिकारी व यातायात पुलिस के अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करें, ध्वनि प्रदूषण कम करें और सड़क पर तैनात पुलिस कर्मियों सहित सभी नागरिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शांत वातावरण, सुरक्षित यातायात और स्वस्थ समाज के लिये सभी का सहयोग आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!