चोरी के दो मामलों का खुलासा: ₹12,000 नकद बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस, चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। जिसके निरंतर में अपराध शाखा NIT व सेक्टर-85 की टीमों ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की संपत्ति बेचने से प्राप्त राशि में से ₹12,000 नकद बरामद किये हैं। आरोपितों को अदालत में पेशकर जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला: क्लिनिक से एसी की कॉपर वायर एवं आउटडोर यूनिट चोरी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आकाश, निवासी NIT-3, फरीदाबाद ने थाना एसजीएम नगर में शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके क्लिनिक से एसी की कॉपर वायर तथा आउटडोर यूनिट चोरी कर ली। शिकायत पर थाना एसजीएम नगर में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा NIT की टीम ने विक्रम, निवासी नेहरू कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने क्लिनिक से एसी की आउटडोर यूनिट और कॉपर वायर चोरी कर ₹10,000 में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी से चोरी की रकम में से ₹7,000 नकद बरामद किये हैं।
दूसरा मामला: निर्माणाधीन मकान से बिजली की वायर चोरी
वहीं दूसरे मामले में भांकरी, फरीदाबाद निवासी विनोद कुमार ने थाना डबुआ में शिकायत दी थी कि 26 जून 2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके निर्माणाधीन मकान में घुसकर बिजली की वायर के बंडल चोरी कर लिये। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने हिमेश उर्फ भोला, निवासी गांव चंदौली, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड), हाल निवासी खानपुर देवली रोड, दिल्ली को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन पर लिया। जिसने स्वीकार किया कि उसने निर्माणाधीन मकान में घुसकर बिजली की वायर चोरी कर बेच दिया था। आरोपी से वायर बेचकर प्राप्त राशि में से ₹5,000 नकद बरामद किये हैं।



