सेक्टर-2 कम्युनिटी सेंटर में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन, 250 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

फरीदाबाद। सेक्टर-2 स्थित कम्युनिटी सेंटर में एकॉर्ड सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-86, फरीदाबाद द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लगभग 250 नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राव रामकुमार (समाजसेवी एवं प्रत्याशी, बल्लभगढ़ विधानसभा-88) उपस्थित रहे। उनके साथ दीपक यादव (निगम पार्षद, वार्ड नं. 42), रश्मि यादव (निगम पार्षद, वार्ड नं. 43) एवं पवन यादव (निगम पार्षद, वार्ड नं. 40) भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

शिविर में डॉ. आर.सी. सोनी, डॉ. रोहित गुप्ता, डॉ. उमेश कोहली, डॉ. उदित कपूर एवं डॉ. कुंवर परवेज सहित अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

शिविर के दौरान पेट, लिवर एवं आंत रोग, गैस्ट्रिक एवं डाइजेशन संबंधी समस्याएं, हृदय रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी) संबंधी समस्याओं की जांच एवं परामर्श दिया गया। इसके अतिरिक्त ब्लड प्रेशर (BP), शुगर, बीएमआई, ईसीजी, हीमोग्लोबिन एवं SpO2 जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें भी निःशुल्क की गईं।

मुख्य अतिथि राव रामकुमार ने कहा कि समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने चिकित्सकों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए, जिससे आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

पार्षद दीपक यादव, रश्मि यादव एवं पवन यादव ने भी आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य हित सर्वोपरि हैं और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एकॉर्ड सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की पूरी टीम, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को आयोजन की सफलता का मुख्य आधार बताया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!