जे.सी.बोस विश्वविद्यालय में मीडिया विभाग द्वारा प्रकाशित ‘संचार’ के नए संस्करण का कुलगुरु ने किया विमोचन

फरीदाबाद, 15 मई : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रकाशित होने वाले मासिक समाचार पत्र ‘संचार’ के नवीनतम अंक का विमोचन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार ने इस अंक का विमोचन करते हुए विद्यार्थियों और संपादकीय टीम के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
‘संचार’ का यह नया संस्करण विशेष रूप से विश्वविद्यालय में छह साल के उपरांत आयोजित हुआ वार्षिकोत्सव ‘कलमाईका फेस्ट-2026’ को समर्पित किया गया है। समाचार पत्र में फेस्ट की रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों सहित अन्य गतिविधियों, तकनीकी प्रतियोगिताओं की विस्तृत झलक बहुत सुंदर तरीके से प्रकाशित की गई है। इसके अतिरिक्त, संपादकीय पृष्ठ पर इस बार ‘मदर्स डे’ के अवसर पर भावपूर्ण लेख और आगामी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु विशेष लेख प्रकाशित किए गए हैं।

विमोचन के दौरान कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार ने समाचार पत्र की पृष्ठ सज्जा, चित्रों के चयन और खबरों की प्रस्तुतिकरण की सराहना की। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि संचार न केवल विभाग की गतिविधियों का दर्पण है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यावहारिक पत्रकारिता कौशल को निखारने का एक सशक्त माध्यम भी है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.अजय रंगा और डीन प्रो.अनुराधा शर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने विभाग की शैक्षिक उपलब्धियों और ‘संचार’ के संपादन की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
समाचार पत्र को तैयार करने में वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रोडक्शन सहायक पंकज सैनी और विशाल बेरवाल के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मुख्य भूमिका निभाई। संपादकीय टीम में अंजलि गर्ग, धीरेन सिंह, आभा, मिहिका शर्मा, हार्दिक गौतम, युक्ति और पलक शामिल रहे, जिनकी मेहनत से समाचार पत्र को एक पेशेवर स्वरूप प्राप्त हुआ।



