महिलाएं समाज की अहम कड़ी, समाज में तीज-त्यौहार का उत्सव महिलाओं के बिना अधूरा : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

केंद्र व राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण व समृद्धि के लिए चलाई अनेक योजनाएं

22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे श्रीराम मंदिर का उद्घाटन, उस दिन होगी एक ओर दिवाली – मनोहर लाल

फरीदाबाद : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि समाज में तीज-त्यौहार का उत्सव महिलाओं के बिना अधूरा है। महिलाएं समाज की अहम कड़ी हैं और हमारी सरकार ने महिलाओं को सशक्त व समृद्ध करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं।

मुख्यमंत्री फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित धनतेरस महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

मनोहर लाल ने कहा कि सूरजकुंड में पहली बार दिवाली मेला आयोजित किया जा रहा है, जो 3 नवंबर, 2023 को शुरू हुआ था। इसी प्रकार, एक मेला आज से शुरू होकर 22 जनवरी, 2024 तक भगवान श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या में भी आयोजित होगा। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीराम के मंदिर का उद्घाटन करेंगे। उस दिन हम सभी के लिए एक और दिवाली होगी, उसके लिए आपको सभी को अग्रिम बधाई।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हरियाली तीज उत्सव पर राज्य सरकार की ओर से एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें लगभग 50 हजार महिलाओं को मेरी ओर से एक भाई स्वरूप कोथलियां दी गई थी। आज भी इस कार्यक्रम में सभी महिलाओं को एक दीपक, कैलेंडर और अन्य वस्तुएं भेंट स्वरूप दी जाएंगी।

मनोहर लाल ने कहा कि विगत 9 वर्षों में केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं चलाई गई हैं, जिसे धरातल तक पहुंचाकर सभी को लाभ प्रदान करना सुनिश्चित किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सम्मानित भी किया।

महिला सशक्तिकरण मोदी और मनोहर सरकार की प्राथमिकता : केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल

इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत राज्य मंत्री कृष्ण पाल ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण मोदी और मनोहर सरकार की प्राथमिकता रही है। महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक तरक्की को बढ़ावा देने और उनके सामाजिक जीवन को और बेहतर करने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समृद्ध होती हैं तो समाज और देश समृद्ध होता है।

उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने महिलाओं का सशक्तीकरण कर उन्हें सामाजिक दृष्टि से मजबूत किया है। हर घर में शौचालय बनाना, हर गरीब महिला को एलपीजी कनेक्शन देना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर प्रदान करना, मुद्रा लोन, जन-धन खाते खोलना और स्टैंड अप इंडिया जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है।

इस मौके पर परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक श्रीमती सीमा त्रिखा, राजेश नागर, हरियाणा पर्यटन निगम के अध्यक्ष अरविंद यादव, टूरिज्म विभाग के प्रधान सचिव एमडी सिन्हा, टूरिज्म विभाग के एमडी नीरज कुमार, उपायुक्त विक्रम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!