गांव रिवाजपुर में डंपिंग यार्ड बनाया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बसपा करेगी आंदोलन : मनोज चौधरी

फरीदाबाद : बहुजन समाज पार्टी के हरियाणा प्रभारी मनोज चौधरी ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। जहां वह स्वच्छ भारत अभियान की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ रिहायशी इलाकों और गावों में कूड़ा घर बनाकर जनता को बीमार करने का काम किया जा रहा हैं। गांव रिवाजपुर मे जिला प्रशासन द्वारा बनाए जाने वाले डंपिंग यार्ड के खिलाफ चल रहे आंदोलन को बसपा का समर्थन देते हुए श्री चौधरी ने कहा कि 28 दिन से ग्रामीण यहां आंदोलन कर रहे हैं, और भाजपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के बजाए गरीब जनता को बीमार करके मारना चाहती है। उन्होंने कहा हम भाजपा सरकार की कार्यशैली की निंदा करते हैं और हरियाणा की सरकार को चेतावनी देते हैं कि यदि इस डंपिंग यार्ड को कैंसिल नहीं किया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर हम बड़ा आंदोलन करेंगे।
इस मौके पर बसपा जिलाध्यक्ष सरदार उपकार सिंह ने कहा भाजपा के मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को अहंकार हो गया है कि वह कुछ भी कर सकते हैं, मगर जनता से बड़ा कोई नहीं। जिस जनता ने उन्हें तख्तो ताज दिया है वही जनता उन्हें जमीन पर लाकर पटक देगी, और उनकी लोकसभा चुनाव की हार तिगांव विधानसभा से ही तय होगी।
इस अवसर पर डंपिंग यार्ड विरोध संघर्ष समिति के अध्यक्ष नाहर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली और सोचने के तरीके से पता लगता है कि यह अनपढ़ लोगों की सरकार है। जिला प्रशासन को यह तक नहीं पता कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के अनुसार यमुना के आसपास इस प्रकार का कूड़ा घर नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा हम किसी भी सूरत में यहां डंपिंग यार्ड नहीं बनने देंगे।
इस मौके पर नीरज गौतम, बृजभूषण कर्दम, मोहनलाल सम्राट, एनआईटी विधानसभा अध्यक्ष महावीर सिंह, रामगोपाल चौहान, तिगांव विधानसभा के अध्यक्ष राजपाल बौद्ध, हरीश अरोड़ा, हरीश गौतम, कमल दोहरे, रमेश कश्यप, विनोद कुमार, बुधराम, कैलाश, फैजल खान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।



