योगेश्वर दत्त पर भाजपा ने जताया भरोसा, बरोदा उपचुनाव में बनाया प्रत्याशी

चंडीगढ़ ! भारतीय जनता पार्टी ने बरोदा में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त को उम्मीदवार बनाया है। देर रात भाजपा ने टिकट की घोषणा की। इससे पहले दिनभर टिकट को लेकर मंथन चलता रहा। अनेक नेताओं ने टिकट पाने की दौड़ लगाई लेकिन अंत में बाजी पूर्व प्रत्याशी योगेश्वर ने ही मारी। योगेश्वर दत्त बीते एक साल से बरोदा में भाजपा के लिए काम कर रहे थे। भाजपा की तरफ से उसका कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार योगेश्वर दत्त दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 37,726 मत मिले थे। वहीं स्वर्गीय श्रीकृष्ण हुड्डा कांग्रेस की टिकट पर यहां से विधायक बने, उन्हें 42566 वोट मिले थे।
जजपा के उम्मीदवार रहे भूपेंद्र मलिक ने 32480 वोट हासिल किए थे।

बरोदा विधानसभा सीट पर कांग्रेस 2009 से लगातार तीसरी जीत रही है। इससे पहले यह सीट आरक्षित थी, तब यहां इनेलो का काफी दबदबा था। 2 लाख 70 हजार की जनसंख्या वाले बरोदा हलके में कुल 67 पंचायतें हैं। 1967 में हरियाणा गठन के बाद यहां पहला चुनाव हुआ था। इसके बाद 1967 से 2009 तक बरोदा सीट आरक्षित रही।



