भतीजे ने चाचा को जिंदा जलाया, मौत

बांदा (उप्र) ! उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के फतेहगंज थाना क्षेत्र के जबरापुर गांव में रुपयों के लेन-देन के विवाद में एक युवक ने अपने चाचा के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि फतेहगंज थाना क्षेत्र के जबरापुर गांव में रुपयों के लेन-देन के विवाद में बुधवार की शाम रामभरोसे ने अपने सगे चाचा बिंदा प्रसाद (55) के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्होंने बताया कि बुरी तरह से झुलसे बिंदा प्रसाद की बृहस्पतिवार की शाम इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि रामभरोसे को बिंदा से कुछ रुपये उधार लेने थे, जिसे बिंदा नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर दो दिन पूर्व भी दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। पुलिस ने बताया कि आग लगाने के आरोपी रामभरोसे को बुधवार की रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ पहले हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब चूंकि बिंदा की मौत हो गयी है, इसलिए मामले में हत्या की धारा-302 जुड़ जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!