वरदान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल-2026 में मीडिया विभाग के विद्यार्थियों ने जीते ‘चार’ पुरस्कार

फरीदाबाद, 06 मार्च : जे.सी.बोस विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के विद्यार्थियों ने ‘वरदान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026’ में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभाग ने न केवल विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान प्राप्त किए, बल्कि फिल्म निर्माण के वैश्विक मानकों को छूते हुए चार महत्वपूर्ण पुरस्कार अपने नाम किए।

कुलगुरु प्रोफेसर राजीव कुमार ने विभाग को बधाई देते हुए कहा कि संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के विद्यार्थियों की यह ऐतिहासिक विजय केवल पुरस्कारों की प्राप्ति नहीं है, बल्कि यह उनकी अटूट साधना, नवाचार और गहन शोध का जीवंत प्रमाण है। ‘बॉन्ड ऑफ हार्ट बीट’ का प्रोफेशनल कैटेगरी में चयन होना हमारे संस्थान के लिए एक ‘मील’ का पत्थर है। डीएसडब्लू डीन प्रो.प्रदीप डिमरी ने विजेता विद्यार्थियों, मीडिया विभाग और सभी फैकल्टी को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पवन सिंह के कुशल मार्गदर्शन, दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर शैक्षणिक प्रोत्साहन को इस सामूहिक सफलता का मुख्य स्तंभ माना जा रहा है। उनके निर्देशन में विभाग ने छात्रों को आधुनिक संसाधन और वह रचनात्मक स्वतंत्रता प्रदान की है, जिसके परिणामस्वरूप आज संस्थान के नाम यह गौरवपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है।

ऋचा जैन द्वारा निर्मित विज्ञापन को प्रथम पुरस्कार, मान्या और वान्या की जोड़ी ने अपनी क्रिएटिव रील के लिए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा जिया गर्ग की ‘शॉर्ट फिल्म’ और मिहिका शर्मा के ‘म्यूजिक वीडियो’ को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त धीरेंद्र सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म ‘बॉन्ड ऑफ हार्ट बीट’ को ‘प्रोफेशनल कैटेगरी’ में आधिकारिक रूप से चयनित किया गया है।

इस उपलब्धि में मीडिया विभाग की प्रोडक्शन टीम से वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रोडक्शन सहायक पंकज सैनी, प्रोडक्शन सहायक विशाल बेरवाल और अंजू सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!