कुलगुरु प्रो.संजय कौशिक ने मीडिया विभाग द्वारा प्रकाशित ‘संचार’ के नये विशेषांक का किया विमोचन

विद्यार्थियों की कलम से निकला 'संचार' न्यूज़ पेपर का नया विशेषांक प्रशंसनीय: प्रो.संजय कौशिक

  • मीडिया जगत की चुनौतियों से निपटने के लिए विद्यार्थियों को कर रहा है सशक्त: प्रो.राजीव कुमार
  • ‘संचार’ के माध्यम से गढ़े जा रहे हैं भविष्य के कुशल मीडिया प्रोफेशनल्स : प्रो.पवन सिंह

फरीदाबाद, 24 सितंबर। जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रकाशित ‘संचार’ के नये विशेषांक का नवनियुक्त कुलगुरु प्रो.संजय कौशिक ने विमोचन किया। संचार का चार पृष्ठों वाला कलेवर अपनी वैचारिक गहराई, उत्कृष्ट लेआउट और आकर्षक प्रस्तुति के कारण विशेष सराहना का केंद्र रहा है।

पहले पृष्ठ पर शिक्षक दिवस और गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए विभिन्न प्रोफेसरों के अनमोल विचार और कॉलम प्रकाशित किए गए हैं। दूसरे पृष्ठ पर ‘दृश्य’ और ‘संचार’ क्लबों के तत्वावधान में आयोजित ‘फेयरवेल 2026’ की रंगारंग यादें, ‘वीकली स्किल बूस्ट’ श्रृंखला की रिपोर्ट और एमएजेएमसी विद्यार्थियों द्वारा शुरू किए गए नए टॉक शो ‘पॉडकास्ट विद प्रोफेसर्स’ को प्रमुखता से स्थान मिला है। तीसरे पृष्ठ पर गणेश चतुर्थी, राधाष्टमी और ‘श्री नारायण गुरु जयंती’ जैसे सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजनों पर वैचारिक आलेख तथा विद्यार्थियों की मौलिक कविताएँ (जैसे ‘मेरी भाषा, मेरा अभिमान’) इसका विशेष आकर्षण बढ़ाते हैं। चौथे और अंतिम पृष्ठ पर विभाग के भव्य ‘सत्रारंभ-2026’ समारोह के शुभारंभ और समापन संबंधित चित्रों का कोलाज जिसमें टीवी पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, मोब प्रेसिडेंट मोहित वोहरा और महिला आयोग की पूर्व चेयरमैन रेनू भाटिया की उपस्थिति व गतिविधियों को आकर्षक फोटो लेआउट के साथ सजाया गया है।

नवनियुक्त कुलगुरु प्रो.संजय कौशिक ने इस बात पर बल दिया कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल और नैतिक मूल्यों का समन्वय ही आधुनिक मीडिया शिक्षा का मूल आधार है। उन्होंने संचार न्यूज़ पेपर के शिक्षक दिवस विशेषांक की प्रशंसा करते हुए मीडिया विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।

निवर्तमान कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ‘संचार’ अखबार युवाओं को वास्तविक मीडिया जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करने में एक सशक्त मंच है। कुलसचिव प्रो.अजय रँगा ने अपने संदेश में कहा कि अकादमिक ज्ञान के साथ सह-पाठ्यचर्या गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होती हैं।

विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने कहा संचार न्यूज़ पेपर का नया ‘विशेषांक ‘लर्निंग बाय डूइंग’ की अवधारणा को चरितार्थ करता है, जहाँ हमारे छात्र न केवल पत्रकारिता के गुर सीख रहे हैं, बल्कि अपनी सृजनात्मकता से समाज को एक नई दिशा भी दे रहे हैं। ‘संचार’ के माध्यम से भविष्य के कुशल मीडिया प्रोफेशनल्स गढ़े जा रहे हैं। विभाग के वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी के मार्गदर्शन में मीडिया विद्यार्थियों द्वारा तैयार यह विशेष अंक पत्रकारिता और अकादमिक उत्कृष्टता का अनूठा संगम है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!