24 अक्टूबर को रक्तदान शिविर व निशुल्क नेत्र जांच कैंप का किया जाएगा आयोजन

फरीदाबाद (मनीष शर्मा)। भारती चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रेडक्रॉस फरीदाबाद और संत भगत सिंह चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से 24 अक्टूबर, शनिवार को एनआईटी फरीदाबाद के प्याली चौक स्थित जाट धर्मशाला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इस दौरान भाटिया सेवक समाज हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क नेत्र जांच भी की जाएगी।
शिविर में जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चश्मे और दवाइयां वितरित करने के साथ आंखों के ऑपरेशन भी निशुल्क करवाए जाएंगे। ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेंद्र सिंह नांदल ने शहरवासियों से शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने और अपनी आंखों की जांच करवाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आसपास रहने वाले बुजुर्गों को भी शिविर में लाकर नेत्र जांच करवाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक सेवा कार्यों से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।



