गोदाम से मसाले चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अपराध शाखा ऊंचा गांव टीम की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने गोदाम से मसाले चोरी कर बेचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शान हास्मी निवासी डबुआ कॉलोनी तथा प्रिंस मौर्य निवासी गांव विष्णुपुर पिपरई, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी में मनीष निवासी जवाहर कॉलोनी ने शिकायत दी कि वह MDH Spices का डिस्ट्रीब्यूटर है तथा पिछले कुछ समय से उसके गोदाम से मसाले चोरी हो रहे थे। जिसकी शिकायत पर थाना सारन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गोदाम में कार्यरत अंशु व योगेश ने मसाले चोरी कर आरोपी शान के माध्यम से सेल्समैन प्रिंस को बेचने के लिए दे दिए थे। प्रिंस ने चोरी के मसालों को आगे एक दुकानदार को बेच दिया। अंशु व योगेश को 21 जनवरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी प्रिंस को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि आरोपी शान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



