NPTI और दूरसंचार विभाग के सहयोग से विद्युत क्षेत्र में 5G तकनीक के उपयोग पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित

फरीदाबाद : राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (NPTI) और दूरसंचार विभाग (DoT) के संयुक्त सहयोग से विद्युत क्षेत्र में भरोसेमंद, सुरक्षित एवं कार्यकुशल संचार व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा 5G तकनीक के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में देशभर से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में संरक्षक हेमंत जैन, महानिदेशक, NPTI एवं सदस्य (ग्रिड ऑपरेशन एवं वितरण), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA); अनिल कुमार गुप्ता, महानिदेशक, दूरसंचार; राधाचरण शाक्य, ITS, एडिशनल डायरेक्टर जनरल एवं हेड, हरियाणा LSA; तथा संजय कुमार जिंदल, डिप्टी डायरेक्टर जनरल, दूरसंचार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. एस. सेल्वम, प्रधान निदेशक, NPTI द्वारा किया गया।

उद्घाटन संबोधन में हेमंत जैन ने विद्युत एवं दूरसंचार क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र एक-दूसरे पर महत्वपूर्ण रूप से निर्भर हैं और 5G तकनीक के प्रभावी उपयोग से विद्युत क्षेत्र में संचार, निगरानी, नियंत्रण एवं कार्यक्षमता को नई गति मिल सकती है। तेज और रियल-टाइम सूचना संचार के माध्यम से संभावित तकनीकी समस्याओं एवं घटनाओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीकी प्रगति माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अनिल कुमार गुप्ता, महानिदेशक, दूरसंचार, ने अपने संबोधन में कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य पावर सेक्टर में 5G तकनीक की परिवर्तनकारी क्षमता को समझना तथा विशेषज्ञ सत्रों, तकनीकी चर्चाओं और ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से तकनीकी प्रोफेशनल्स एवं फैकल्टी सदस्यों की क्षमता को सुदृढ़ करना है।

कार्यशाला के दौरान Private 5G Networks, Smart Grid Communication, SCADA/PLC Integration, IoT, AI/ML Applications, Cybersecurity, Spectrum Regulation तथा Power Generation, Transmission एवं Distribution Systems में 5G-enabled Network Operations जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्रों में विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला ने विद्युत एवं दूरसंचार क्षेत्रों के विशेषज्ञों, तकनीकी पेशेवरों तथा शिक्षाविदों को एक साझा मंच प्रदान किया, जिससे 5G तकनीक के माध्यम से विद्युत क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान संभव हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!