कुरुक्षेत्र में आमने-सामने हुए किसान और पुलिस, बैरिकेड तोड़ आगे निकले !

हरियाणा : कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में किसान अपनी चाल बदलते जा रहे हैं। किसानों ने इकट्ठा होकर एक दिन पहले ही दिल्ली कूच कर दिया। किसानों को रोकने व आंदोलन को विफल करने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरा बंदोबस्त किया हुआ है। किन्तु सारे बंदोबस्त किसानों के हौसले के आगे फीके पड़ गए। पानी की बौछारों के बीच किसान जबरन बेरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। पहले पिपली में रात्रि पड़ाव की प्लानिंग थी, लेकिन ऐन मौके पर किसान करनाल की तरफ निकल गए। 26 नवंबर को तय शुदा कार्यक्रम के तहत दिल्ली पहुंचेंगे। उधर दिनभर जीटी रोड बंद रहा। इसके चलते हजारों वाहन चालक परेशान हुए। किसानों को आगे बढऩे से रोकने के लिए पुलिस ने भी भारी-भरकम इंतजाम किए थे।

कुरुक्षेत्र सीमा में त्योड़ा में पुलिस ने जबरदस्त नाकाबंदी की थी। प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस और जसबीर सिंह मामू माजरा की अगुवाई में किसान करीब साढ़े तीन बजे त्योड़ा पहुंच गए। यहां करीब साढ़े पांच बजे तक पुलिस व किसान आमने सामने रहे। खुद डीसी शरणदीप कौर, एसपी हिमांशु गर्ग, एसडीएम डॉ. किरण सिंह, डीएसपी गुरमेल सिंह, तहसीलदार टीआर गौतम मौजूद रहे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से कहा कि जिले में धारा 144 है। उन्हें आगे नहीं जाने दिया जा सकता। इस पर माहौल गर्मा गया। किसान तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की बात पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली जाकर ही रहेंगे। ऐसे में प्रशासन ने आलाधिकारियों से बातचीत के लिए आधे घंटे का समय मांगा, लेकिन बातचीत सिरे नहीं चढ़ी। बातचीत विफल रहने के बाद किसानों ने आगे बढऩे का प्रयास किया। ट्रैक्टरों के साथ कुंडी से जीटी रोड पर लगे बेरिकेड को हटाना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने किसानों पर वाटर केनन से पानी भी बरसाया, लेकिन किसान पीछे नहीं हटे। पानी के बीच ही बेरिकेड लांघ कर आगे बढ़ गए। कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में किसान राशन-पानी लेकर साथ चल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!