अस्पताल में कोरोना से हुई मां की मौत, बेटे ने डॉक्टर को घोंपा चाकू !

लातूर ! कोरोना महामारी से लड़ रहे कोरोना योद्धा पर हमले की एक और खबर महाराष्ट्र से सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार यहां के लातूर जिले में कोविड 19 की वजह से एक अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई। इससे नाराज उसके बेटे ने इलाज कर रहे एक डॉक्टर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल डॉक्टर का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि लातूर शहर के एक अस्पताल में कोविड-19 की वजह से बुधवार को मौत हो गई थी। इससे नाराज महिला के बेटे ने अस्पताल के एक चिकित्सक पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना यहां के अल्फा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सुबह करीब सात बजे हुई। हालांकि उदगीर निवासी 35 वर्षीय हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की मां की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बीती 25 जुलाई को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला है कि महिला को पहले से भी कुछ बीमारियां थीं। उसकी बुधवार सुबह मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉ. दिनेश वर्मा महिला के रिश्तेदारों से उसकी गंभीर हालत और इलाज के बारे में पहले ही बात कर चुके थे। बुधवार को महिला की मौत के बाद जब डॉ. वर्मा अस्पताल पहुंचे, तब मरीज के बेटे और तीन अन्य रिश्तेदारों के बीच महिला की मौत को लेकर काफी तीखी बहस हो गई।
इसी दौरान महिला के बेटे ने चाकू से डॉ. वर्मा पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।



