पूरी सवारियां भरकर चलेंगी हरियाणा रोडवेज की बसें !

चंडीगढ़ ! हरियाणा रोडवेज की बसें अब पूरी सवारियां भरकर चलेंगी। परिवहन विभाग ने सभी डिपो के महाप्रबंधकों को वीरवार को निर्देश जारी कर दिए। 52 सीटों की क्षमता वाली बसें अभी 35 सवारियां ही लेकर चल रही थीं। हरियाणा सरकार ने कोरोना के बीच यह बड़ा फैसला लिया है।
निदेशक, परिवहन ने डिपो महाप्रबंधकों को भेजे पत्र में कहा है कि सरकार के फैसले अनुसार अब 52 सवारियों के साथ सेवा दी जाएंगी। बस में चढ़ने से पहले सभी सवारियों की स्क्रीनिंग की जाए। बिना मास्क किसी को बस में प्रवेश न दें। बसों को रोजाना सैनिटाइज किया जाए। कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरा पालन करें। सभी महाप्रबंधक सरकार के फैसले के अनुसार प्रदेश में सभी रूट पर बसों का संचालन करें। सवारियों की संख्या को मद्देनजर रखते हुए ही बसें चलाई जाएं। अभी हरियाणा से बाहर राजस्थान व उत्तर प्रदेश के लिए ही बसों का संचालन किया जा रहा है। अन्य प्रदेशों से बस संचालन के लिए अभी एनओसी नहीं मिली है। कोरोना के कारण व डीजल की कीमतें बढ़ने पर रोडवेज को अब तक 900 करोड़ से अधिक का राजस्व घाटा हो चुका है। सरकार अन्य राज्यों से एनओसी मिलने पर ही रोडवेज बसों का संचालन शुरू करेगी।



