सब इंस्पेक्टर को अपनी बेटी का प्यार इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर बेटी को उतारा मौत के घाट !

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जीआरपी में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को अपनी बेटी का प्यार इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर बेटी को मौत के घाट उतार दिया और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। करीब डेढ़ महीने पहले ही बेटी ने कोर्ट मैरिज की थी।

मृतक लडक़ी कोमल के पति सागर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सब इंस्पेक्टर सोहनपाल और उसके भाई कॉन्स्टेबल शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सब इंस्पेक्टर बल्लभगढ़ में चौकी इंचार्ज है, जबकि उसका भाई ओल्ड थाने में तैनात है।

सागर के पिता उमेद सिंह ने बताया कि 19 फरवरी को लडक़ी के पिता सोहनपाल ने रिंग सेरेमनी कर 15 मार्च को शादी करने का वादा किया था। लेकिन वे इस शादी से खुश नहीं थे। वे बेटी की शादी कहीं और करना चाहते थे। इसके लिए कोमल पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उमेद सिंह ने 15 मार्च के पहले सोहनपाल से शादी की चर्चा की तो उन्होंने रिश्तेदार की मौत का बहाना बनाकर कुछ और समय मांगा। 16 मार्च को कोमल ने पति सागर को मैसेज कर बताया कि पापा और चाचा कमरे की लाइट बंद करके कुछ बात कर रहे हैं। मुझे डर लग रहा है। घटना के वक्त लडक़ी की मां और भाई नहीं थे। दो दिन बाद 17 मार्च को सागर के पास कोमल के मरने की खबर आई।

यह है पूरा मामला : बल्लबगढ़ की मुकेश कॉलोनी में रहने वाले सागर यादव एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वे अपने साथ पढऩे वाली सेक्टर-2 निवासी कोमल से प्यार करते थे। कोमल भी सागर से प्यार करती थी। कोमल एम.टेक फाइनल इयर में पढ़ रही थी। सागर ने बताया कि कोमल के घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में सागर और कोमल ने बीते महीने 8 फरवरी को कोर्ट मैरिज कर प्रोटेक्शन की मांग की। कोर्ट ने तीन दिन का प्रोटेक्शन दे दिया। 11 फरवरी को फिर दोनों कोर्ट में पेश हुए। उस दौरान सोहनपाल दोनों की अरेंज मैरिज का वादा कर बेटी को घर ले गए।

सूत्रों का कहना है कि सब इंस्पेक्टर ने बेटी का बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। आरोपी सोहनपाल ने अपने थाने में लोगों को बताया था कि उनकी बेटी ने खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलने पर जब सागर के पिता और मां कोमल के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।

5 साल पहले दोनों की हुई थी मुलाकात : सागर के पिता ने बताया कि उनके बेटे सागर और सोहनपाल की बेटी कोमल पांच साल पहले एक निजी इंस्टीट्यूट में पढ़ते थे। दोनों ने एक साथ बी टेक की पढ़ाई की। बाद में सागर नौकरी करने लगा और कोमल एम टेक. कर रही थी। कोमल के पति सागर का कहना है कि दोनों ने आर्य समाज मंदिर में धार्मिक रीति रिवाज के साथ शादी की थी।
सागर की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने सोहनपाल और शिवकुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!