हनुमान मंदिर आर ब्लॉक, ओल्ड उत्तम नगर में भगवान परशुराम प्रतिमा स्थापना, भक्तिमय माहौल में गूंजी अमन-शांति की प्रार्थना

Delhi : हनुमान मंदिर आर ब्लॉक, ओल्ड उत्तम नगर, गुरप्रीत नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब चिरंजीवी भगवान परशुराम जी की प्रतिमा की भक्तों द्वारा विधिवत स्थापना की गई। यह अवसर इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम, भगवान विष्णु, सृष्टि के रचयिता भगवान शिव और माता पार्वती के अर्धनारीश्वर स्वरूप की दिव्य उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

प्रतिमा स्थापना के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के बीच भक्तों ने धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पंडित रमन मिश्रा जी ने विधिवत पूजा संपन्न कराई तथा समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और अमन-चैन के लिए विशेष प्रार्थना की।

इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से रविकांत शर्मा (चेयरमैन, विश्व ब्राह्मण संघ भारत), पूर्व विधायक मुकेश शर्मा, जयभगवान वशिष्ठ, विपिन त्यागी, सते वशिष्ठ, भगवान परशुराम एकता मंच के अध्यक्ष दिनेश भारद्वाज, पेंटा वर्ल्ड ब्राह्मण संघ के सचिव संजय कौशिक, विनोद जिंदल और रमन कौशिक सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक सोच का संदेश देने वाला प्रेरणादायी अवसर है। पूरे आयोजन में पॉजिटिव वेव, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का विशेष प्रभाव देखने को मिला। भक्तों ने इसे ऐतिहासिक और सौभाग्यशाली पल बताते हुए धर्म और संस्कृति की मजबूती का प्रतीक बताया।



