रेस्टोरेंट में लगी आग, कम से कम 21 की मौत !

दिल्ली के मालवीय नगर इलाक़े की एक इमारत में आग लगने से अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत की ख़बर है. दिल्ली पुलिस ने ये जानकारी दी. जिस इमारत में आग लगी वहां फ्लोरिश स्टे बी एंड बी नाम का होटेल था और नीचे लेमन ग्रीन नाम का रेस्टोरेंट था.
एक प्रेस रिलीज़ में पुलिस ने बताया, “आज प्रातः 08:48 बजे मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव, निकासी एवं राहत कार्य प्रारंभ किया गया.”
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी, “फ़ायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों की सहायता से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है. पुलिस, अग्निशमन सेवा एवं अन्य आपातकालीन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से 40 से अधिक व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार हेतु निकटवर्ती अस्पतालों में भेजा गया है. अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि इस दुखद घटना में 21 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है.
बचाव एवं तलाशी अभियान अभी भी जारी है तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं. घटना से संबंधित अन्य जानकारी प्राप्त होने पर समय-समय पर साझा की जाएगी.”
घटना में जलने वालों को मैक्स अस्पताल साकेत ले जाया गया. अस्पताल ने बयान जारी करते हुए कहा, “जिन 39 मरीज़ों को अस्पताल लाया गया था उनमें से 18 की पहले ही मौत हो चुकी थी.”
वहीं स्थानीय बीजेपी विधायक सतीश उपाध्यय ने कहा, “21 लोगों की मौत हुई है जबकि 47 लोगों को बचाया गया है.”
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा “इस आग में 21 लोग ज़िंदा जल गए. मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. यहां कई लोग विदेशों से आए थे. लोग अपने परिजनों के इलाज के लिए यहां पहुंचे थे. वे सभी मजबूरी में यहां रह रहे थे. सरकार को कुछ शर्म करनी चाहिए.”



