फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 के मद्देनजर 27 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था
प्रातः 03:00 बजे से 11:00 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित

फरीदाबाद : फरीदाबाद में दिनांक 27 सितंबर 2026 (रविवार) को सूरजकुंड मेला ग्राउंड से फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें करीब 1.27 लाख प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है। मैराथन के सफल एवं सुरक्षित आयोजन तथा प्रतिभागियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा दिनांक 27 सितंबर 2026 को प्रातः 03:00 बजे से 11:00 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। मैराथन के निर्धारित रूट एवं उससे जुड़े मार्गों पर इस अवधि के दौरान सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रमुख चौराहों, कट एवं मोड़ पर यातायात नाके एवं बैरिकेडिंग की जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
21 किलोमीटर हाफ मैराथन प्रातः लगभग 06:00 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, मानव रचना इंस्टीट्यूट, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, अनखीर गोलचक्कर से होते हुए सेक्टर-21C एवं सेक्टर-46 डिवाइडिंग रोड, मार्बल मार्केट, बड़खल-अनखीर रोड तथा सेक्टर-21D मार्केट से होकर अनखीर गोलचक्कर की ओर यू-टर्न लेते हुए सूरजकुंड मेला ग्राउंड की ओर जाएगी।

10 किलोमीटर मैराथन प्रातः 06:30 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, अनंगपुर चौक, मानव रचना इंस्टीट्यूट एवं एमवीएन कट तक जाएगी तथा वहां से यू-टर्न लेते हुए वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड पर समाप्त होगी।
5 किलोमीटर मैराथन प्रातः 07:00 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी कट से आगे लोटस गार्डन से यू-टर्न लेते हुए वापस आयोजन स्थल पर समाप्त होगी।
मैराथन के दौरान पाली चौक से एमवीएन चौक, प्रहलादपुर चौक से सूरजकुंड गोलचक्कर, सूरजकुंड रोड, अनंगपुर रोड, एमवीएन रोड, अनखीर गोलचक्कर से सेक्टर-21A से सेक्टर-21D डिवाइडिंग रोड तथा बड़खल चौक से सूरजकुंड शूटिंग रेंज रोड तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मैराथन रूट पर भी आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार के वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मैराथन के दौरान गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए पाली चौक → गुड़गांव मोड़ → सैनिक कॉलोनी → मस्जिद चौक → प्याली चौक → बाटा चौक → नेशनल हाईवे होते हुए बदरपुर बॉर्डर का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जाने वाले वाहन बदरपुर बॉर्डर → नेशनल हाईवे → बाटा चौक → प्याली चौक → मस्जिद चौक → सैनिक कॉलोनी → गुड़गांव मोड़ → पाली चौक होते हुए गुरुग्राम की ओर जा सकेंगे।
मैराथन के मद्देनजर निर्धारित प्रतिबंधित मार्गों पर प्रातः 03:00 बजे से 11:00 बजे तक वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा मार्ग में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस की ओर से आमजन से अपील की जाती है कि निर्धारित समयावधि के दौरान सूरजकुंड एवं मैराथन मार्ग की ओर अनावश्यक यात्रा करने से बचें तथा यात्रा से पूर्व अपने मार्ग की योजना बनाकर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। नागरिक यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए नाकों, बैरिकेड्स एवं यातायात संकेतकों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपने गंतव्य के लिए पर्याप्त समय लेकर प्रस्थान करें। मैराथन प्रतिभागियों से भी अनुरोध है कि वे निर्धारित समय से पर्याप्त पहले सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचें, ताकि किट कलेक्शन, वार्मअप एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
अधिक जानकारी अथवा किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी सहायता के लिए नागरिक फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0129-2267201, 0129-2225999 अथवा आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर संपर्क कर सकते हैं। यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, ट्रैफिक एडवाइजरी एवं समय-समय पर जारी होने वाले महत्वपूर्ण अपडेट्स की जानकारी के लिए नागरिक फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करें।



