देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 10 लाख के पार !

नयी दिल्ली, 17 जुलाई ! भारत में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 34,956 मामले आने के साथ शुक्रवार को संक्रमण के मामलों की संख्या 10 लाख को पार कर गई। महज तीन दिन पहले ही संक्रमितों की संख्या नौ लाख के पार हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 10,03,832 हो गए जबकि एक दिन में 687 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 25,602 हो गया है।

पिछले 24 घंटों में कुल 22,942 लोग स्वस्थ हुए हैं जो एक दिन में स्वस्थ लोगों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही भारत में 6,35,756 लोग इस संक्रामक रोग से स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3,42,473 मरीजों का अब भी कोविड-19 का इलाज चल रहा है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अभी तक करीब 63.33 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’

देश में कोविड-19 के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन का वक्त लगा था और अब महज 59 दिनों में ही संक्रमण के मामले नौ लाख के पार चले गए। यह लगातार छठा दिन है जब कोरोना वायरस के 28,000 से अधिक मामले आए हैं। आईसीएमआर के अनुसार 16 जुलाई तक कुल 1,30,72,718 लोगों की कोरोना वायरस के लिए जांच की गई जिनमें से 3,33,228 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई। भारत प्रति 10 लाख लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण के 658 मामलों के साथ 106वें नंबर पर है। भारत में हर दस लाख लोगों पर मामलों की संख्या यूरोपीय देशों से चार से आठ गुना कम है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!