भतीजी की शादी का कार्ड देकर लौट रहे दो भाइयों को ट्रक ने कुचला !

पलवल ! पलवल में रात को सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादस उस वक्त हुआ, जब ये दोनों रिश्तेदारी में अपनी भतीजी की शादी का कार्ड देकर वापस लौट रहे थे। इनकी मोटरसाइकल को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। होडल थाना पुलिस ने मृतकों के चचेरे भाई की शिकायत पर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बंचारी के इंद्रपाल ने बताया कि 19 जनवरी को उसकी भतीजी की शादी तय हुई थी। इसका निमत्रंण पत्र देने के लिए पीड़ित के ताऊ के लड़के नारायण उर्फ संजय (32) और सुभाष (24) गुरुवार को मोटरसाइकल पर सवार होकर रिश्तेदारी में गांव झिरका फिरोजपुर गए थे। रात करीब 8 बजे जब ये दोनों वापस लौट रहे थे तो होडल स्थित धान मिल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इनकी मोटरसाइकल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नारायण व सुभाष की मौके पर मौत हो गई। घटना के बारे में सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस बारे में जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार दोपहर दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। इसके अलावा उनके भाई के बयान पर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



