स्वच्छता जन आंदोलन बन गया है : रक्षा मंत्री

नयी दिल्ली, 7 दिसंबर ! रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ एक जन आंदोलन बन गया है जो मोदी सरकार की एक ‘‘बड़ी उपलब्धि’’ है। दिल्ली छावनी क्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि बच्चे ‘स्वच्छता’ के दूत बन गए हैं। उन्होंने प्लॉगिंग (सैर करते या दौड़ते वक्त कचरा बीनने) जागरूकता पर विशेष अभियान को भी हरी झंडी दिखाई और कहा कि लोग प्लास्टिक इस्तेमाल करने के नकारात्मक पहलू को समझ गए हैं। बाद में उन्होंने इस अभियान में भाग भी लिया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘स्वच्छता अभियान’ में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। सिंह ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए एक अभियान चलाया था जिसे हम ‘सत्याग्रह’ आंदोलन के नाम से जानते हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘स्वच्छता’ का अभियान चलाया है जिसे ‘स्वच्छाग्रह’ के तौर पर जाना जाता है और इसकी सफलता देशभर में देखी जा रही है।’’ केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से अपनी दिनचर्या में प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने को कहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!