बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का निधन

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का निधन हो गया है। उन्होंने 66 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा।
बॉलीवुड से एक दुखद खबर आई है। जाने-माने अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने 66 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा। अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि दी है। बता दें, सतीश कौशिक महामारी के दौरान कोविड से संक्रमित भी हुए थे।
सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ से की थी। एक फिल्म अभिनेता के रूप में सतीश कौशिक को 1987 में आई फिल्म मिस्टर इंडिया से पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने 1997 में दीवाना मस्ताना में पप्पू पेजर का किरदार निभाया था। अपने करियर में उन्होंने करीब 100 फिल्मों में काम किया। उन्होंने 1990 में ‘राम लखन’ के लिए और 1997 में ‘साजन चले ससुराल’ के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता) जीता था।
बॉलीवुड में अपना ब्रेक पाने से पहले उन्होंने थिएटर में काम किया था। थिएटर अभिनेता के रूप में उनकी सबसे प्रसिद्ध भूमिका हिंदी के नाटक ‘सेल्समैन रामलाल’ में की थी। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ (1993) थी, जिसमें श्रीदेवी मुख्य भूमिका में थीं। निर्देशक के रूप में उनकी पहली हिट फिल्म ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ थी, जो 1999 में रिलीज हुई थी। 2005 में, कौशिक ने अर्जुन रामपाल, अमीषा पटेल और जायद खान अभिनीत फिल्म वादा का निर्देशन किया था। 2007 में कौशिक ने अनुपम खेर के साथ मिलकर करोल बाग प्रोडक्शंस नामक एक नई फिल्म कंपनी शुरू की। इस बैनर तले उनकी पहली फिल्म तेरे संग थी, जिसका निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था।
सतीश कौशिक की स्कूली पढ़ाई दिल्ली में हुई थी। किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में एडमिशन लिया था। उन्होंने 1983 में बॉलीवुड में कदम रखा। 1985 में उन्होंने शशि कौशिक से शादी की। लेकिन शादी के बाद उनके जीवन में दुख का पहाड़ टूटा. उनके बेटे का दो साल की उम्र में निधन हो गया था.
कॉमेडियन, एक्टर, निर्देशक सतीश कौशिक का आज तड़के 66 साल की उम्र में हार्ट अटैक के कारण अचानक निधन हो गया है। सतीश कौशिक ने फिल्मों में जितना बेहतरीन अभिनय किया है, उतने ही बेहतरीन तरीके से उन्होंने फिल्मों का निर्देशन भी किया है। वह स्क्रीन पर जितने परफेक्ट थे, बैक स्क्रीन भी उतने ही दमदार थे। इन सबसे अलग वह एक परफेक्ट फैमिलीमैन भी थे। लेकिन अब उनके निधन के बाद उनकी 10 साल की बेटी और पत्नी अकेले रह गए हैं।
10 साल की है एक्टर की बेटी
सतीश कौशिक के भतीजे निशांत कौशिक ने इंडिया टीवी से बात करते हुए बताया कि इस वक्त घर पर सतीश कौशिक की पत्नी और उनकी 10 साल की बेटी हैं। सतीश कौशिक के पार्थिव शरीर को एंबुलेंस में करीब 2 बजे मुंबई लाया जाएगा।
आपको बता दें कि सतीश कौशिक ने पहले अपने एक 2 साल के बेटे को खो दिया था। जिसके बाद वह पूरी तरह टूट गए थे। फिर इस दुखद घटना के 16 साल बाद वह 56 साल की उम्र में सेरोगेसी के माध्यम ये एक बेटी के पिता बने थे।
सतीश ने दो दिन मनाई होली
7 मार्च को होली के अवसर पर जावेद अख्तर के घर जब सतीश कौशिक होली खेलने पहुंचे तो किसे पता था कि यह उनके साथ बिताए गए चंद आखिरी यादगार पल हैं। इंडिया टीवी के कैमरे पर कैद सतीश कौशिक ने अपने फैंस को होली की बधाई भी दी थी। इस बार होली 2 दिन की थी, नार्थ में 8 मार्च को होली मनाई गई और इस मौके पर सतीश अपने दोस्तों के आग्रह करने पर दिल्ली में होली मनाने पहुंचे। देर रात उन्होंने तबीयत खराब होने की शिकायत की और उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया जहां डेथ ऑन अराइवल डिक्लेअर किया गया। फिर पोस्टमार्टम के लिए उन्हें दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया।



